Maharajganj News : थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप: फर्जी मुकदमा, थर्ड डिग्री और वसूली की शिकायत, सीओ को सौंपी जांच

    10-Mar-2026
Total Views |

फ़ैयाज़ अहमद

भिटौली। जिले के भिटौली थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र पर फर्जी मुकदमा दर्ज करने, थर्ड डिग्री देने और वसूली करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने जांच सीओ सदर को सौंप दी है।

भिटौली गांव निवासी सीमा वर्मा पत्नी रमेश वर्मा ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 3 मार्च 2026 को गांव के ही एक व्यक्ति ने जानबूझकर अपना सिर बिजली के पोल से भिड़ा लिया था। इसके बाद उसके पुत्र विशाल वर्मा को बेवजह इस मामले में फंसा कर थाने पर बैठा लिया गया। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौता भी हो गया था।

आरोप है कि इसके बावजूद 6 मार्च को गांव के ही एक व्यक्ति के बहकावे में आकर थानाध्यक्ष ने महिला और उसके बच्चों को थाने बुला लिया। महिला का कहना है कि थाने पर उसके बेटे को बंद कर दिया गया और उसके साथ तथा उसके पुत्र के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और थर्ड डिग्री दी गई।


सीमा वर्मा का आरोप है कि बाद में उसके और उसके पुत्र विशाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया, जहां से दोनों जमानत पर रिहा हुए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि थानाध्यक्ष द्वारा अब तक उससे 35 हजार रुपये ले लिए गए हैं और और अधिक धनराशि की मांग की जा रही है।

पीड़िता ने गांव के एक व्यक्ति पर भी असामाजिक गतिविधियों में शामिल होने और परिवार को धमकाने का आरोप लगाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने पूरे प्रकरण की जांच सीओ सदर को सौंप दी है।