Maharajganj News : धान खरीद में ‘सेटिंग’ का खेल? एमओ और राइस मिलर की बातचीत का वीडियो वायरल
12-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में धान खरीद को लेकर विपणन अधिकारी (एमओ) और राइस मिल संचालकों के बीच कथित सांठगांठ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में धान खरीद को लेकर पोर्टल पर इंट्री कराने की बातचीत सुनाई दे रही है। हालांकि आपन महराजगंज वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
बताया जा रहा है कि वीडियो किसी होटल में हुई बातचीत का है। वीडियो में एक मिल संचालक एमओ से कह रहे हैं कि धान पहले ही मिल पर पहुंच चुका है, अब केवल किसी तरह किसानों से अंगूठा लगवा कर पोर्टल पर खरीद दर्ज करा दी जाए। इस पर एमओ उन्हें आश्वस्त करते हुए काम कराने की बात कहते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में नौतनवा क्षेत्र से जुड़े लगभग 300 क्विंटल धान की खरीद का भी जिक्र किया जा रहा है। इसमें जिस दिन धान खरीद करने से मना किया गया था, उसके बावजूद एमओ नौतनवा द्वारा खरीद की गई थी। बातचीत के दौरान एमओ यह कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं कि लोग अधिकारियों के स्वभाव को समझते नहीं हैं।
ऊपर के अधिकारियों का स्वभाव ऐसा है कि उनसे पूछकर कुछ भी किया जा सकता है लेकिन बिना पूछे नहीं। इस संबंध में जब डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। यदि कोई लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।