Maharajganj News : ड्यूटी पर पहुंचे होमगार्ड पर लाठी-डंडों से हमला… वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
14-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्रामसभा जहदा में एक होमगार्ड की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से सनसनी फ़ैल गयी है। मामला पुरानी जमीनी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें होमगार्ड के पट्टीदार ही शामिल हैं।
घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। हालाँकि आपन महराजगंज वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस ने दोनों पक्षों से कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। जहदा निवासी राकेश चौधरी कोठीभार थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। उनका अपने पट्टीदारों के साथ जमीनी विवाद को लेकर कई सालों से रंजिश चल रही थी, जिसके कारण अक्सर झगड़े होते रहते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार देर शाम राकेश ड्यूटी के दौरान गांव पहुंचे थे। तभी पट्टीदार पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। इस हमले का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि यह मामला होमगार्ड और उसके पट्टीदारों के बीच पुरानी रंजिश का है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है जरूरत के हिसाब से आगे कि विधिक कार्रवाई की जाएगी।