Maharajganj News : करंट ने छीनी 15 साल के किशोर की जिंदगी, हाईवे पर दो घंटे तक प्रदर्शन
09-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के सिकंदराजीतपुर में शनिवार को करंट लगने से किशोर की मौत के बाद रविवार को परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नाराज़ परिजनों ने शाम करीब 6 बजे मृतक के शव को धानी–नौगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर चक्का जाम करने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए जाम नहीं लगने दिया ।
जानकारी के अनुसार ग्राम खड़खड़िया 15 वर्षीय दिव्यांशु पुत्र गणेश यादव शनिवार को सिकंदराजीतपुर स्थित इंदु पैलेस में डेकोरेशन का काम करने गया था। इसी दौरान पोल पर काम करते समय अचानक बिजली का करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर बृजमनगंज पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को ही आरोपी पंकज के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था।
घटना से नाराज परिजन और ग्रामीण रविवार शाम करीब 6 बजे पोस्टमार्टम के बाद मृतक के शव को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैठ गए और कार्रवाई की मांग करने लगे। करीब दो घंटे तक शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और लोगों को समझाने का प्रयास किया।मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और चक्का जाम नहीं होने दिया।
मामले की सूचना पाकर फरेंदा उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र गौतम, फरेंदा पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार , तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा और नायब तहसीलदार अंकित अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे।
काफी समझाने-बुझाने के बाद रात करीब आठ बजे परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
फरेंदा उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र गौतम ने बताया कि प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इंदु पैलेस को सील कर दिया है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फरेंदा तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा ने बताया कि इंदु पैलेस की जांच कराई जाएगी। यदि मैरेज हॉल नियमों के अनुसार संचालित नहीं पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।