Sports News : बेटियों का दम दिखा मैदान में! फाइनल में रोमांच, किसने जीता खिताब?
10-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। स्पोर्ट्स अथारिटी आफ इंडिया के सौजन्य से स्टेडियम में चल रही खेल स्पर्धाओं का गुरुवार को शानदार समापन हुआ। बालिका हैंडबॉल का फाइनल जहां स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम ने जीता वहीं वालीबॉल में मरियम इंटर काॅलेज की टीम विजेता बनी। कार्यक्रम के अतिथि रोटरी क्लब अध्यक्ष दिग्विजय सिंह व गोल्ड मेडलिस्ट होम्योपैथिक चिकित्सक डाॅ. हेमंत श्रीवास्तव रहे।
जिला ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष विंध्यवासिनी सिंह की देखरेख में खेलो इंडिया का बालिका हैंडबॉल, वालीबॉल व कबड्डी स्पर्धाओं का फाइनल खेला गया। हैंडबॉल में स्पोर्ट्स स्टेडियम की बेटियों ने खुशी इलेवन महराजगंज को 2-1 से पराजित किया। वालीबॉल में सिसवां के मरियम इंटर काॅलेज की बेटियों ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की टीम को करीबी मुकाबले में 3-2 से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। कबड्डी के फाइनल में श्यामदेउरवा की टीम ने भैंसी की टीम को पराजित कर जीत दर्ज की।
समापन कार्यक्रम स्टेडियम में देर शाम आयोजित हुआ जिसमें रोटरी क्लब अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने कहा की बेटियां खेल के क्षेत्र में सफलता का झंडा लहरा रही हैं। विजेता टीम को प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया।
डाॅ. हेमंत ने बेटियों का हौंसला बढ़ाते हुए कहा कि खुद को फिट रखने के लिए खेल में रूचि जरूरी है। ओलिंपिक संघ ऐसा आयोजन कराकर बेटियों के खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। इसमें स्पोर्ट्स अथारिटी ऑफ इंडिया का अहम योगदान है। इस मौके पर सत्यप्रकाश तिवारी, विनोद, रोहित अग्रवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी सरिता रानी आदि मौजूद रहे।