Maharajganj News : जहां बस नहीं पहुंचती थी, अब वहां दौड़ेगी सवारी! DM का बड़ा आदेश
10-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में लंबे समय से उपेक्षित पड़े ग्रामीण रूटों पर अब परिवहन सुविधा शुरू होने की उम्मीद जगी है। गुरुवार को जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे रूटों का चयन किया जाए जिनपर अभी वाहनों का संचालन नहीं हो पा रहा है। इससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
जिलाधिकारी मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत जिलास्तरीय समिति द्वारा वाहनों के अनुबंध की प्रक्रिया को गति देने के लिए कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में एआरएम महराजगंज ने बताया कि जनपद में योजना के तहत प्रस्तावित पहला रूट खैरटवा-बरगदवा-ठूठीबारी-महराजगंज है, इस पर वर्तमान में कोई सरकारी बस सेवा संचालित नहीं है।
जिलाधिकारी ने प्रस्तावित रूट का अनुमोदन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को परिवहन सेवा से जोड़ना है। योजना के तहत ग्रामीण जनता को ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय तक सीधी और सुरक्षित आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है।
साथ ही इस योजना के तहत सरकार निजी बस संचालकों को भी ग्रामीण मार्गों पर बस सेवा प्रदान करने का मौका प्रदान किया जा रहा है। इससे युवा उद्यमियों को भी अपना उद्यम शुरू करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि योजना का प्रचार-प्रसार कर अन्य महत्वपूर्ण ग्रामीण मार्गों पर भी निजी बस संचालकों के सहयोग से बस संचालन शुरू कराएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सर्वजीत वर्मा, एआरटीओ मनोज सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।