Maharajganj News : समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़! DM-SP ने मौके पर ही निपटाईं कई शिकायतें

    18-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज। तहसील फरेन्दा परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आमजन की समस्याओं सुनीं फिर उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिनमें पुलिस और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का स्वयं संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, मारपीट, महिला उत्पीड़न और साइबर अपराध जैसे मामलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा।


उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही थाना प्रभारियों को शिकायतकर्ताओं से लगातार संवाद बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे लोगों में संतोष देखने को मिला और प्रशासन के प्रति भरोसा मजबूत हुआ।