Thuthibari Unique Market : भारत का बाजार, नेपाल के ग्राहक! ठूठीबारी का अनोखा सच जानकर रह जाएंगे हैरान

    29-Apr-2026
Total Views |

शिवानी

Thuthibari Unique Market : महराजगंज जिला देश के आखिरी छोर पर स्थित है, जो अपनी ख़ास भौगोलिक स्थिति के लिए जाना जाता है। वन संपदा से समृद्ध यह जिला जहां एक ओर दक्षिण में गोरखपुर से जुड़ा है, वहीं उत्तर में यह जिला पड़ोसी देश के साथ सीमा साझा करने की वजह से भी खास है। यही वजह है कि यहां भारतीय और नेपाली संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिलता है।

नेपाल से सटे होने के वजह से यहां दोनों ही देशों को लोगों को देखा जा सकता है। यदि आपको भारत और नेपाल का एक अनोखा दृश्य देखने का मन हो, तो आप महराजगंज जिले के निचलौल क्षेत्र का ठूठीबारी बाजार जा सकते हैं। इस बाजार की खास बात है कि यह बाजार भले ही भारत में मौजूद है लेकिन यहां पर ज्यादातर लोग नेपाल से आने वाले दिखते हैं। नेपाली नागरिकों के इस बाजार में आने की एक बड़ी वजह यह है कि नेपाल के बाजारों की अपेक्षा यहां पर अलग अलग प्रकार के ज्यादातर समान यहां पर मिल जाते हैं।


दरअसल, महराजगंज जिले के ठूठीबारी बाजार में बहुत से समान ऐसे भी होते हैं जो नेपाल के बाजारों में नहीं मिलते हैं या फिर मिलते भी हैं तो काफी महंगे मिलते हैं जिसकी वजह से नेपाली नागरिक ज्यादातर महराजगंज के इस बाजार की तरफ आकर्षित होते हैं। यहां आने वाले ग्राहकों का कहना है कि दूसरे बाजारों की तुलना में यहां सामान काफी कम कीमत पर मिल जाता है। इसीलिए इसमें स्थानीय लोग ही खरीदारी के लिए नहीं आते हैं बल्कि दूर दराज के लोग भी इस बाजार में शॉपिंग के लिए आते है।

इस बाजार की एक और खासियत यह है कि यहां नेपाली ग्राहकों को करेंसी एक्सचेंज की परेशानी भी नहीं होती। दुकानदार नेपाली मुद्रा में भी सीधे सामान बेच देते हैं।, जिसे बाद में वे भारतीय करेंसी में बदलवा लेते हैं। इसकी वजह से पड़ोसी देश नेपाल के लोगों को ठूठीबारी मार्केट में शॉपिंग करने में किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ता है।

इतना ही नहीं, यहां के कई दुकानदार नेपाली भाषा भी बोलते हैं, जिससे ग्राहकों को खरीदारी में और भी सहूलियत मिलती है। भारत नेपाल सीमा पर स्थित यह बाजार न सिर्फ व्यापार का केंद्र बन गया है बल्कि दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक रिश्तों का भी एक जीवंत उदाहरण है।