Maharajganj News : नियमों को किया नज़रअंदाज़ ! अब भुगतना पड़ा अंजाम
07-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिए एसपी शक्ति मोहन अवस्थी अब पूरी तरह एक्शन मोड में नज़र आ रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने ऐसा कदम उठाया जिससे पूरे विभाग में हड़कंप है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने ठूठीबारी थाने के थानाध्यक्ष नवनीत नागर को समय से सूचना न देने, घटना के तथ्य छुपाने और कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोपों में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, नवागत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने हाल ही में थानों का आकस्मिक निरीक्षण शुरू किया था। इसी क्रम में ठूठीबारी थाने से जुड़ी एक घटना में थानाध्यक्ष नवनीत नागर पर आरोप लगा कि उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को बिना सूचना दिए एक मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया और घटना के पूर्ण तथ्यों को छुपाने का प्रयास किया।
इसके साथ ही कामकाज में लापरवाही के सबूत भी सामने आए। एसपी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन का यह आदेश दिया। यह कार्रवाई बिना उच्चाधिकारियों को सूचना दिए एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने के आरोप में की गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि बिना सूचना के एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज करने के मामले में एसओ नवनीत नागर को निलंबित किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। इस कदम को विभागीय अनुशासन बनाए रखने और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।