Maharajganj News : नेपाल बॉर्डर के पास ड्रग्स का बड़ा खेल बेनकाब, 390 नशीले इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार

    11-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
सोनौली थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने धौरहरा सर्विस लेन पावर हाउस के पास एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 390 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चलाये जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में थाना सोनौली पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली।


तलाशी के दौरान आरोपी समीर अहमद पुत्र हैदर अली निवासी बैरवा चंदनपुर, थाना नौतनवा के पास से डाईजापाम इंजेक्शन 130 एम्पुल, बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन 130 एम्पुल और प्रोमेथाज़ीन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन 130 एम्पुल बरामद हुए। कुल 390 इंजेक्शन मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चोरी और अन्य मामलों में नौतनवा तथा परसामलिक थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, हेड कांस्टेबल भानुप्रताप सिंह और कांस्टेबल प्रशांत राय शामिल रहे।