Maharajganj News : ऊर्जा बचाने के लिए टैक्सी से पहुंचे विधायक जय मंगल कन्नौजिया, लोगों से की ईंधन बचत की अपील
13-May-2026
Total Views |
महाराजगंज। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया बुधवार को अपनी निजी गाड़ी का इस्तेमाल न करके टैक्सी से जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह पहल ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से की गई है।
जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद विधायक ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और लोगों की समस्याओं का समाधान कराया।
विधायक ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की खपत कम करना आज की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक वाहन प्रयोग से बचें और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दें। इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिसका असर भारत सहित कई देशों पर पड़ रहा है।
उन्होंने जोर दिया कि पेट्रोल और डीजल की खपत कम करना समय की मांग है और प्रत्येक नागरिक को ऊर्जा संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार लोगों से संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील कर रहे हैं।
इसी क्रम में उन्होंने स्वयं निजी वाहन छोड़कर टैक्सी से यात्रा करने का निर्णय लिया, ताकि जनता को यह संदेश दिया जा सके कि छोटी-छोटी पहल से भी बड़े बदलाव संभव हैं। विधायक ने लोगों से अनावश्यक वाहन प्रयोग से बचने, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और ईंधन की बचत करने की अपील की।
विधायक ने कहा कि इससे न केवल आर्थिक बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। विधायक ने प्रत्येक नागरिक से देश हित में अपनी जिम्मेदारी समझते हुए ऊर्जा बचत के अभियान से जुड़ने का आग्रह किया। इस अवसर पर संजीव शुक्ला, मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता और शिवाकांत गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।