Maharajganj News : भीड़भाड़ वाले इलाकों में तुरंत पहुंचेगी यूपी-112, पुलिस को मिले नए बाइक वाहन
20-May-2026
Total Views |
महराजगंज। जनपद में यूपी-112 सेवा को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाने के लिए पुलिस विभाग को 18 नए दोपहिया वाहन उपलब्ध कराए गए। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस लाइन परिसर में विधि-विधान व पूजा-अर्चना के बाद यूपी-112 सेवा के लिए उपलब्ध कराए गए दोपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यूपी-112 आमजन को त्वरित सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। अब इन बाइक वाहनों के जरिए भीड़भाड़ वाले इलाकों, संकरी गलियों और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच पहले से अधिक तेज और प्रभावी होगी।
जनपद के विभिन्न थानों को कुल 18 दोपहिया वाहन जनपद के विभिन्न थानों को दिए गए, जिनमें कोतवाली, घुघली, पनियरा, फरेंदा, बृजमनगंज, पुरंदरपुर, पुरुषपुर, कोल्हुई, सोनौली, नौतनवा, परसामलिक, बरगदवा, ठूठीबारी, निचलौल, कोठीभार और चौक थाना शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से कानून व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा आपात स्थिति में लोगों को पहले से ज्यादा तेजी से सहायता मिल सकेगी। साथ ही आमजन में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी।