Maharajganj News : भारत-नेपाल सीमा पर बड़ा हादसा टला, रेस्क्यू के लिए दोनों देशों की टीम जुटी

    30-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले के सोनौली कस्बे में भारत-नेपाल सीमा पर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस चौकी के बगल में स्थित एक मकान में आग लग गयी। उस मकान में चिप्स बनाने का काम चल रहा था। आग की लपटें तेजी से आसपास की दुकानों और पुलिस चौकी तक फैलने लगीं, जिससे सीमा क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चिप्स बनाने के दौरान अचानक आग भड़क उठी। मकान में रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, एसएसबी के जवान और स्थानीय प्रशासन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, भारतीय दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी गई थी, लेकिन दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंच सका। आग लगातार बढ़ती जा रही थी और आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले रही थी। इसके बाद सीमा पर मौजूद भारतीय सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन ने नेपाल प्रशासन से मदद का अनुरोध किया।

सूचना मिलते ही नेपाल प्रशासन के निदेश पर नेपाल की ओर से एक दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचा। इसके बाद भारत और नेपाल के प्रशासनिक अधिकारियों, सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयासों से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका गया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।


इस अग्निकांड में दो दुकानें और एक मकान क्षतिग्रस्त हो गए। प्रभावित लोगों के अनुसार उन्हें करीब दो से तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है। घटना के बाद सोनौली बॉर्डर क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।