Gorakhpur News : 15 मई को क्या होने वाला है खास? गोरखपुर में काउंटडाउन शुरू

    05-May-2026
Total Views |

गोरखपुर।
गोरखपुर में नगर निगम की दो बड़ी परियोजनाएं- संग्रहालय और राप्तीनगर सीएम ग्रिड फेज-1 सड़क, अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 मई को मुख्यमंत्री द्वारा संभावित लोकार्पण को देखते हुए प्रशासन ने काम में तेजी ला दी है।

अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि संभावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित अधिकारी दिन-रात जुटे हैं ताकि तय समय से पहले कार्यों को पूरा किया जा सके। नगर निगम संग्रहालय को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। करीब 75 लाख रुपये की लागत से तैयार इस संग्रहालय में शहर का इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और नगर निगम की विकास यात्रा को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा।


अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार और अवर अभियंता सुलेख यादव लगातार निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित कर रहे हैं। उधर, 44.88 करोड़ रुपये की लागत से बन रही राप्तीनगर सीएम ग्रिड फेज-1 सड़क परियोजना भी अंतिम रूप ले रही है। इस परियोजना के तहत सड़क निर्माण के साथ ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइटिंग और सौंदर्यीकरण कार्य पूरे किए जा चुके हैं। मुख्य अभियंता अमित शर्मा स्वयं साइट पर पहुंचकर प्रगति की निगरानी कर रहे हैं।

राप्तीनगर क्षेत्र में तीन प्रमुख सड़कों को स्मार्ट रूप दिया गया है, जिससे शहर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। अधिकारियों का कहना है कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से यातायात सुगम होगा और नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा।