Maharajganj News : सड़क पर भरा गंदा पानी बना मुसीबत, बरसात से पहले समाधान की मांग

    07-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
पनियरा क्षेत्र के रामनगर गांव के शिवपुर टोले के लोग गांव की ओर जाने वाली सड़क पर जलभराव की समस्या से ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो गया है। इतना ही नहीं जल निकासी की समस्या से भी लोग परेशान हैं। परेशान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर समस्या के समाधान की मांग की है।

गांव के बालकिशुन, शिव शंकर, नारद, प्रदुम्न, सुरेंद्र, श्रीराम, बृजलाल, संदीप, बबिता, सरोज, मुनीता व सरिता आदि का कहना है कि जलभराव की वजह से आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही इससे काफी बदबू आ रही है, जिससे संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बनी हुई है। यह सड़क रामनगर खास से निकलकर शिवपुर व हुड़रा टोला होते हुए मुजुरी कस्बे को जोड़ती है।


इन सभी लोगों ने कहा कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व जिले के अधिकारियों को शिकायत पत्र दिया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकाला गया। ग्रामीणों ने काफी दिनों से खराब इस सड़क के साथ जलनिकासी के लिए नाली बरसात से पहले बनवाने की शासन प्रशासन से मांग की है।

वहीं इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत गुड्डू प्रसाद ने कहा कि सचिव व सफाईकर्मी को मौके पर भेजकर समस्या का निराकरण कराया जाएगा।