Maharajganj News : बरसों की बदहाली बस अब खत्म! सिसवा की 6 जर्जर सड़कों का होगा कायाकल्प
08-May-2026
Total Views |
महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा की बदहाल और जर्जर सड़कों की तस्वीर अब जल्द बदलने वाली है। जिला नगरीय विकास अभिकरण की पहल पर नगर पालिका परिषद सिसवा क्षेत्र की छह जर्जर सड़कों के ही कायाकल्प का रास्ता साफ़ हो गया है। मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के तहत इन सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। परियोजना के अंतर्गत लगभग 282 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़कें बनाई जाएंगी।
डूडा अधिकारी प्रेमशंकर पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से खराब पड़ी सड़कों के कारण स्थानीय लोगों को बरसात और जलभराव के दौरान भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। सड़कें टूट-फूट जाने से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। अब सीसी सड़क निर्माण से लोगों को बेहतर और सुरक्षित मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।
योजना के तहत नगर पालिका सिसवा के वार्ड नंबर एक अंबेडकर नगर, वार्ड नंबर तीन सुभाष नगर, वार्ड नंबर 16 सरदार पटेल नगर, वार्ड नंबर 17 तथा वार्ड नंबर 20 दीनदयाल उपाध्याय नगर की सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इन वार्डों में लंबे समय से सड़क मरम्मत की मांग की जा रही थी।
सीसी सड़क बनने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि जलभराव और कीचड़ की समस्या से भी निजात मिलेगी। व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और मोहल्लों की तस्वीर बदलेगी। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि सड़कें लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहें।