Maharajganj News : बस अड्डे पर बसों से ज्यादा कब्जा निजी वाहनों का! हर दिन जाम और परेशानी से जूझ रहे यात्री
15-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। जनपद मुख्यालय स्थित रोडवेज बस अड्डे की व्यवस्थाएं बदहाल होती जा रही हैं। बस अड्डे के दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों पर निजी वाहनों और ई-रिक्शों का कब्जा बना रहता है, जिससे रोडवेज बसों को परिसर में प्रवेश करने और बाहर निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं परिसर के भीतर अवैध तरीके से निजी वाहन पार्क रहते हैं। जिसके चलते रोडवेज बसों को परिसर में दाखिल होने व वाहन को मोड़ने में असुविधा होती है।
महराजगंज डिपो के अंतर्गत कुल 76 रोडवेज बसों का संचालन किया जाता है। लेकिन अगर सभी बसों को बस स्टेशन परिसर में खड़ा होना हो तो यह संभव नहीं है। परिसर में रोडवेज की बसें दाखिल हों इसके लिए दो द्वार बनाए गए लेकिन दोनों पर ई-रिक्शा का जमावड़ा इस कदर रहता कि बाहर से आने वाली बसों को परिसर में दाखिल होने के लिए तीन से पांच मिनट तक इंतजार करना पड़ता है।
समस्या यहीं नहीं खत्म होती। परिसर में आसपास के दुकानदार अपना वाहन पार्क कर देते हैं। इन वाहनों के कारण रोडवेज बसों को पूरे दिन असुविधा होती है। डिपो के एक परिचालक ने बताया कि प्रतिदिन चार से पांच कार परिसर के भीतर खड़ी रहती है। पार्किंग से मना करने पर ऐसा करने वाले झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। अवैध रूप से खड़े होने वाले वाहन यात्री सुरक्षा के लिए भी खतरा हैं लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण इस दुर्व्यवस्था से निजात नहीं मिल पा रही है।