Maharajganj News : महराजगंज में 1040 वाहनों पर 9.95 करोड़ का टैक्स बकाया ! 45 दिन का मिला अंतिम मौका
20-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। जनपद में बकाया वाहन कर की वसूली को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। जिले में विभिन्न श्रेणियों के 1040 वाहनों पर लगभग 9 करोड़ 95 लाख रुपये का टैक्स बकाया है। इस राशि की वसूली के लिए एआरटीओ विभाग ने वाहन स्वामियों को वाहन स्वामियों को नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि नोटिस मिलने के बाद भी यदि वाहन स्वामी निर्धारित समय में कर जमा नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ राजस्व वसूली की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बकाया कर वाले वाहन स्वामियों को डाक के माध्यम से नोटिस भेजे जा रहे हैं। इसके साथ ही मोबाइल फोन के जरिए भी संपर्क कर उन्हें जल्द से जल्द बकाया टैक्स जमा करने के लिए कहा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विभाग की प्राथमिकता पहले वाहन स्वामियों को जागरूक कर स्वेच्छा से बकाया राशि जमा कराना है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े। हालांकि, नोटिस मिलने के बाद भी यदि निर्धारित समय के भीतर टैक्स जमा नहीं किया जाता है और संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है, तो विभाग सख्त कार्रवाई करेगा।
एआरटीओ के अनुसार, नोटिस जारी होने के 45 दिन के भीतर भी टैक्स जमा न होने पर संबंधित वाहन स्वामियों के खिलाफ आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी कर दी जाएगी। आरसी जारी होने के बाद राजस्व विभाग के माध्यम से बकाया धनराशि की वसूली की जाएगी।
परिवहन विभाग का कहना है कि टैक्स बकाया रहने से न केवल सरकारी राजस्व प्रभावित होता है, बल्कि वाहन स्वामियों को भी भविष्य में विभिन्न प्रकार की प्रशासनिक और कानूनी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सभी वाहन मालिकों से समय पर बकाया कर जमा करने की अपील की गयी है।
एआरटीओ ने स्पष्ट किया है कि जनपद में बकाया कर की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और निर्धारित अवधि के बाद नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।