Maharajganj News : गेट गिरा और खेलते-खेलते चली गई मासून की जान! अब जांच के घेरे में अमृत सरोवर का निर्माण कार्य
22-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। निर्माण कार्यों में की गई एक मासूम की मौत का कारण बन गई। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के शेख फरेंदा गांव में शनिवार को अमृत सरोवर परिसर का गेट गिरने से उसके नीचे दबकर 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई थी। इस मामले में प्रशासन ने जांच तेज कर दी है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित जांच टीम के अध्यक्ष एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य से संबंधित अभिलेखों की जांच की।
वर्ष 2024-25 में अमृत सरोवर के सुंदरीकरण कार्य के तहत सरोवर परिसर में गेट का निर्माण कराया गया था। शनिवार को गांव निवासी विक्की यादव (12) खेलते समय गेट के गिरने से उसके नीचे दब गया था और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।
सोमवार दोपहर एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद तथा नायब तहसीलदार सौरभ कुमार श्रीवास्तव शेख फरेंदा गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी दिनेश पासवान और ग्राम प्रधान महेंद्र यादव से निर्माण कार्य से जुड़े आवश्यक अभिलेखों को तलब कर देखा। जांच टीम ने निर्माण की गुणवत्ता परखने के लिए ईंट, बालू एवं सीमेंट मिश्रण के कुछ नमूने भी एकत्र किए, जिन्हें सुरक्षित रखने के लिए ग्राम पंचायत अधिकारी को सुपुर्द कर दिया गया।
तीन सदस्यीय जांच समिति को घटना के सभी पहलुओं की जांच कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है। प्रशासन का कहना है कि जांच समिति घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर निर्धारित समय में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।