Maharajganj News : परसिया नहर पुल बना हादसों का हॉटस्पॉट! जर्जर एप्रोच सड़क पर तत्काल मरम्मत की मांग

    30-Jul-2026   
Total Views |

महराजगंज
। सिसवा क्षेत्र के परसिया नहर पुल के दोनों ओर क्षतिग्रस्त एप्रोच सड़क राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। इस परेशानी को देखते हुए समाजसेवी मोहम्मद रिजवान (ग्राम पंचायत कुईया, विकास खंड सिसवा बाजार) ने परसिया नहर पुल के दोनों ओर क्षतिग्रस्त एप्रोच सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग को लेकर सिंचाई खंड द्वितीय, महराजगंज के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजा है।

अपने पत्र में उन्होंने बताया कि सिसवा–बलुअही धूस (बरवा कला मार्ग) का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हुआ था। इस मार्ग पर परसिया चौराहे के पास सिंचाई विभाग द्वारा नहर पुल का निर्माण कराया गया, लेकिन पुल के दोनों ओर समुचित समतलीकरण एवं एप्रोच सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। विभाग द्वारा केवल मिट्टी और ईंट डालकर छोड़ दिया गया था, जो वाहनों के आवागमन के कारण पूरी तरह उखड़ चुकी है।

समाजसेवी मोहम्मद रिजवान ने कहा कि वर्तमान में पुल के दोनों ओर सड़क अत्यंत जर्जर हो गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर बरसात के मौसम में दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ गई है।


पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सिसवा से बलुअही धूस वाया बरवा कला मार्ग वर्तमान में अनुरक्षण अवधि में है, जबकि नहर पुल का निर्माण सिंचाई विभाग द्वारा कराया गया है। इसलिए पुल के दोनों ओर क्षतिग्रस्त एप्रोच सड़क का समतलीकरण एवं मरम्मत कार्य शीघ्र कराया जाना आवश्यक है।

उन्होंने जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिशासी अभियंता से तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।