Maharajganj News : किताबों से प्रयोगशाला तक पहुंची पढ़ाई, हरपुर पकड़ी में साइंस लैब का उद्घाटन

    10-Aug-2026   
Total Views |

सिसवा। सिसवा विकासखंड के ग्राम सभा हरपुर पकड़ी स्थित लिटिल स्टार एकेडमी में रविवार, 9 अगस्त को नवनिर्मित साइंस लैब का भव्य उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता ने फीता काटकर लैब का शुभारंभ किया।

उद्घाटन के अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक पवन प्रजापति ने मुख्य अतिथि सिद्धार्थ गुप्ता को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद एसडीएम ने नवनिर्मित साइंस लैब का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।


एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और लगन से विद्यार्थी अपने माता-पिता, गांव और पूरे जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और प्रयोगात्मक शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के दौरान राम जानकी मंदिर सोनौली के महंत शिवनारायण दास महाराज एवं महंत शंभू दास महाराज, हंटर मीडिया हाउस के प्रमुख अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता सहित ग्राम सभा के प्रधान प्रदीप मिश्रा, अमरेंद्र सिंह, उमेश जायसवाल, रवि यादव, राजेश सिंह, विनोद गिरी, अरुण सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।