Maharajganj News : महराजगंज में आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, वर्षों से अटके भुगतान को लेकर फूटा गुस्सा

    13-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। लंबित प्रोत्साहन राशि के भुगतान की मांग को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के बैनर तले जुटीं कार्यकर्ताओं ने शासन स्तर पर हुए समझौते के बावजूद मांगों का समाधान न होने पर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और मुख्य चिकित्साधिकारी को ज्ञापन सौंपकर लंबित भुगतान कराने की मांग की गई।

यूनियन ने ज्ञापन में बताया कि 6 फरवरी 2026 को स्वास्थ्य मंत्री और यूनियन पदाधिकारियों के बीच हुई वार्ता में आशा कार्यकर्ताओं की कई मांगों पर सहमति बनी थी। आरोप है कि समझौते के बावजूद अब तक मांगों का प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो सका है।

आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि विभिन्न स्वास्थ्य अभियानों में किए गए कार्यों की प्रोत्साहन राशि का भुगतान लंबे समय से लंबित है। इसमें वर्ष 2018 से आयुष्मान कार्ड और आयुष्मान गोल्डन कार्ड से जुड़े भुगतान भी शामिल हैं। इसके अलावा कोविड-19 महामारी के दौरान घोषित 1,000 रुपये प्रतिमाह की राशि का भी भुगतान नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

इसके अतिरिक्त, कुष्ठ रोग, टीबी, फाइलेरिया और नसबंदी सहित अन्य स्वास्थ्य अभियानों की प्रोत्साहन राशि भी अटकी हुई है। मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े अभियानों में भी भुगतान समय पर न होने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।


कार्यकर्ताओं ने भुगतान में पारदर्शिता लाने के लिए स्पष्ट ब्यौरा सूचना पट पर प्रदर्शित करने की मांग की है। साथ ही, शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था को मजबूत करने की भी अपील की गई है।

यूनियन ने कहा कि पूर्व में हुए समझौते के बावजूद मांगों का समाधान न होने से कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। इसी विरोध स्वरूप 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर अधिकारियों का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया गया। पत्र के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

प्रदर्शन के दौरान संगठन की अध्यक्ष संगीता देवी, संध्या देवी, साधना, सरोज पटेल, मुन्नी देवी, श्याम रति देवी, उर्मिला देवी, मेनका चौरसिया, सरस्वती सहित कई आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।