महराजगंज। आयुक्त राज्य कर उत्तर प्रदेश (विधि अनुभाग), लखनऊ के निर्देश पर शुक्रवार को परतावल चौक स्थित ब्लॉक सभागार में व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़े कारोबारियों ने भाग लेकर जीएसटी और विभागीय कार्यप्रणाली से संबंधित समस्याओं और सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, जीएसटी 2.0 रिफॉर्म्स, पंजीयन में वृद्धि, मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना तथा राजस्व वृद्धि को लेकर व्यापारियों और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
व्यापारियों ने मांग रखी कि किसी फर्म की जांच के दौरान कार्रवाई को ‘छापा’ कहने के बजाय ‘सर्वे’ शब्द का प्रयोग किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना का लाभ दुर्घटना के साथ-साथ प्राकृतिक मृत्यु की स्थिति में भी दिए जाने की मांग उठाई। इसके अलावा सर्विस एवं प्रोडक्ट दोनों की बिक्री पर लागू स्लैब को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी मांगी गई।
व्यापारियों ने यह सवाल भी उठाया कि यदि कोई फर्म अपने कार्यालय में एसी, टीवी, कूलर आदि का उपयोग करती है तो क्या इन पर इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ मिल सकता है। अधिकारियों ने व्यापारियों की विभिन्न जिज्ञासाओं और समस्याओं को सुना तथा नियमानुसार यथासंभव समाधान और आवश्यक सुझाव देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में उपायुक्त राज्य कर खण्ड-1 महराजगंज हरिशंकर प्रसाद, उपायुक्त राज्य कर खण्ड-3 चन्द्रशेखर वर्मा, सहायक आयुक्त राज्य कर खण्ड-1 राजेन्द्र सिंह यादव, सहायक आयुक्त राज्य कर खण्ड-3 गजेन्द्र पाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख आनन्द शंकर वर्मा, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री रघुनाथ गुप्त, नगर उपाध्यक्ष संगम लाल श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष परतावल राजकुमार शर्मा, नगर उपाध्यक्ष आकाश पटेल, नगर संरक्षक राजकुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।