Dengue Cases in Maharajganj: महराजगंज में डेंगू के मामले बढ़े, इस साल 10 मरीज मिले; सभी हुए स्वस्थ

    11-Sep-2026   
Total Views |

महराजगंज।
जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक युवक में हाल ही में डेंगू की पुष्टि हुई है। युवक कुछ समय पहले हैदराबाद से घर लौटा था। नए मरीज के सामने आने के बाद वर्ष 2026 में जिले में डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या 10 हो गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक मिले सभी मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों की संख्या को देखते हुए डेंगू की रोकथाम और निगरानी बढ़ा दी है। स्वास्थ्य केंद्रों पर लोगों को बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ गंभीर बुखार वाले मरीजों की जांच कराने पर जोर दिया जा रहा है।

हैदराबाद से लौटे युवक में हुई डेंगू की पुष्टि
सदर कोतवाली क्षेत्र का युवक हैदराबाद में रहता था। वहीं उसे बुखार की शिकायत हुई। दवा लेने के बाद भी जब बुखार में सुधार नहीं हुआ तो वह अपने घर लौट आया। इसके बाद उसकी पैथोलॉजी जांच कराई गई, जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई।
मरीज का उपचार कराया गया, जिसके बाद अब उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।

ओपीडी में मरीजों को बताए जाएंगे बचाव के उपाय
डेंगू के मरीज बढ़ने के बाद स्वास्थ्य प्रशासन ने सभी सीएचसी अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। ओपीडी में आने वाले मरीजों और उनके साथ मौजूद तीमारदारों को डेंगू से बचाव के तरीकों की जानकारी देने को कहा गया है।

इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंगू मरीजों के लिए बनाए गए सुरक्षित वार्ड को भी तैयार और अपडेट रखने के निर्देश दिए गए हैं। 2025 में मिले थे सबसे ज्यादा 65 मरीज

जिले में पिछले सात वर्षों के दौरान डेंगू मरीजों का आंकड़ा इस प्रकार रहा—
वर्षडेंगू मरीजमौत
202020
2021340
2022450
2023580
2024340
2025650
2026100
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में सबसे अधिक 65 डेंगू मरीज सामने आए थे। वर्ष 2026 में अभी तक 10 मरीजों की पुष्टि हुई है। राहत की बात यह है कि अब तक डेंगू से किसी मरीज की मौत नहीं हुई है।

गंभीर बुखार वाले मरीजों की कराई जाएगी जांच
सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि जिला अस्पताल और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंगू को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। गंभीर बुखार से पीड़ित मरीजों की डेंगू जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं और इसकी रोजाना निगरानी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर बनाए गए चार-चार बेड के डेंगू वार्ड को भी अपडेट रखने के लिए कहा गया है।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।