Maharajganj News: सिसवा बाजार क्षेत्र में रायपुर-मंगलछपरा-रजवल मार्ग की बदहाली पर धरना, 15 सितंबर को जुटेंगे स्थानीय लोग

    14-Sep-2026   
Total Views |

महराजगंज।
सिसवा बाजार क्षेत्र में रायपुर होते हुए मंगलछपरा-रजवल तक जाने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर और क्षतिग्रस्त है। मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क की बदहाली को लेकर समाजसेवी एवं एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा ने स्थानीय लोगों के साथ 15 सितंबर को शांतिपूर्ण धरना देने का ऐलान किया है।

रायपुर होते हुए मंगलछपरा-रजवल तक जाने वाले मार्ग की हालत लंबे समय से खराब है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

राजन विश्वकर्मा ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के ग्रामीणों और आम नागरिकों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

राजन विश्वकर्मा के अनुसार, सड़क के नवनिर्माण की मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके अलावा मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के शिकायत पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से जनहित को ध्यान में रखते हुए मार्ग का शीघ्र नवनिर्माण कराने की मांग की है।

स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी

उन्होंने बताया कि सड़क के गड्ढों के कारण स्कूली बच्चों, स्कूल बसों, साइकिल सवारों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ रिक्शा चालकों को भी रोजाना परेशानी होती है। आए दिन राहगीरों के गिरकर चोटिल होने की स्थिति बनी रहती है।

बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और अधिक खतरनाक हो जाती है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

स्थानीय नागरिकों में भी आक्रोश

सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय नागरिकों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क जर्जर होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

नागरिकों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क का जल्द से जल्द नवनिर्माण कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके और किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।



रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।