महराजगंज। फरेंदा तहसील के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र स्थित सेमरा महाराजा गांव में पोखरी की सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बुलडोजर की मदद से पक्के निर्माण ध्वस्त कर जमीन को कब्जामुक्त कराया।
पोखरी की जमीन पर कराया गया था पक्का निर्माण यह मामला आराजी संख्या 554 की 0.049 हेक्टेयर भूमि से जुड़ा है। सरकारी अभिलेखों में दर्ज यह जमीन पोखरी के रूप में दर्ज है। आरोप है कि कुछ लोगों ने इस भूमि पर अवैध पक्के निर्माण करा लिए थे।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कब्जाधारकों ने कुछ विरोध भी किया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने स्थिति को संभाल लिया और मामला शांत कराया। 4 जून को पारित हुआ था बेदखली का आदेश एडीएम डॉ. प्रशांत ने बताया कि नियमों के अनुसार बेदखली का आदेश पारित होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि मामले में धारा 67 के तहत 4 जून को बेदखली का आदेश पारित किया गया था।
आदेश का पालन कराने के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद बुलडोजर की मदद से पक्के मकानों को ध्वस्त कर पोखरी की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराया गया।
एडीएम डॉ. प्रशांत ने कहा कि कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए सार्वजनिक जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मोहिद खान आपन महराजगंज में बृजमनगंज क्षेत्र से रिपोर्टर हैं। यह महराजगंज जिले और बृजमनगंज की स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।