महराजगंज। महराजगंज इंटरमीडिएट कॉलेज में बुधवार को जिला स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिले के अलग-अलग विद्यालयों से पहुंचे विभिन्न आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और शतरंज में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य धनंजय सिंह की मौजूदगी में हुआ। विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों के बीच मुकाबले हुए, जिसमें प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा दिखाई। विभिन्न वर्गों में ये खिलाड़ी रहे अव्वल अंडर-14 बालक वर्ग में पीएम श्री विद्यालय बरवा राजा के रंजीत प्रजापति ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि इसी विद्यालय के प्रियांशु यादव द्वितीय रहे। वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग में महराजगंज इंटर कॉलेज की कामिनी प्रथम और शालू अग्रहरि द्वितीय स्थान पर रहीं।
अंडर-17 बालक वर्ग में महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के सचिन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महराजगंज इंटर कॉलेज के विश्वजीत दूसरे स्थान पर रहे। इसी तरह अंडर-17 बालिका वर्ग में महराजगंज इंटर कॉलेज की लक्ष्मी चौहान प्रथम और ममता द्वितीय रहीं।
अंडर-19 बालक वर्ग में गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज के अजीत वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विद्या इंटर कॉलेज नारायणपुर, महराजगंज के चंद्रमणि द्वितीय स्थान पर रहे।
शिक्षक और खिलाड़ी रहे मौजूद कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सुजीत कुमार चौधरी ने की। वहीं समापन विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर रामनिवास ने किया। कार्यक्रम का संचालन कुमुद रंजन सिंह ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शारीरिक शिक्षक बीरन प्रसाद, कला प्रवक्ता विनय गुप्ता, चंदन कुमार, डॉ. राजीव रंजन, संदीप राय, विवेक मिश्र, सतीश पटेल, अभिषेक पाण्डेय, देवेन्द्र तिवारी, गिरजेश वर्मा, अजय सैनी, दुर्गेश यादव, विवेक कुशवाहा और यशवंत सहित विभिन्न विद्यालयों के खेल शिक्षक एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।